Skip to main content

विदुषी मीता पण्डित से सुनिए राम-सिया की होली



स्वरगोष्ठी – 126 में आज

भूले-बिसरे संगीतकार की कालजयी कृति – 6

राग काफी पर आधारित गीत- ‘कासे कहूँ मन की बात...’

  
‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ पर जारी लघु श्रृंखला ‘भूले-बिसरे संगीतकार की कालजयी कृति’ की इस छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम आपको राग-आधारित कुछ ऐसे फिल्मी गीत सुनवा रहे हैं, जो आधी शताब्दी से भी अधिक अवधि बीत जाने के बावजूद सदाबहार गीत के रूप में हमारे बीच प्रतिष्ठित हैं। ये गीत सदाबहार तो हैं, परन्तु इनके संगीतकार हमारी स्मृतियों में धूमिल हो गए हैं। इस श्रृंखला को प्रस्तुत करने का उद्देश्य ही यही है कि इन कालजयी, राग आधारित गीतों के माध्यम से हम कुछ भूले-बिसरे संगीतकारों को स्मरण करें। आज के अंक में हम आपको राग काफी पर आधारित एक मधुर फिल्मी गीत सुनवाएँगे और इस गीत के संगीतकार एन. दत्ता का स्मरण करेंगे। इसके साथ ही सुप्रसिद्ध युवा गायिका विदुषी मीता पण्डित से इसी राग में निबद्ध रस से भरी एक होरी भी सुनेगे।


एन. दत्ता
1959 में बी.आर. चोपड़ा की सफलतम फिल्म ‘धूल का फूल’ प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के गीत अपनी सरलता और मधुरता के बल पर बेहद लोकप्रिय हुए थे। एन. दत्ता अर्थात दत्ता नाईक इस फिल्म के संगीतकार थे। फिल्म जगत के यशस्वी गीतकार साहिर लुधियानवी के अर्थपूर्ण शब्दों को मधुर धुनों में पिरोने वाले संगीतकारों में रोशन, खय्याम और रवि के साथ एन. दत्ता का नाम लिया जाना आवश्यक है। फिल्मों में पदार्पण से पहले एन. दत्ता ने मुम्बई के देवधर संगीत विद्यालय से संगीत की विधिवत शिक्षा भी ग्रहण की थी। इसके उपरान्त कुछ समय तक फिल्म संगीत का व्यावहारिक प्रशिक्षण पाने के उद्देश्य से संगीतकार गुलाम हैदर और सचिनदेव बर्मन के सहायक के रूप में भी कार्य किया था। स्वतंत्र रूप से संगीत निर्देशन का अवसर उन्हें 1955 में प्रदर्शित दो फिल्मों, ‘मिलाप’ और ‘मैरीन ड्राइव’ में मिला। यह एन. दत्ता का सौभाग्य था कि आरम्भ में ही उन्हें बड़े बैनर की अर्थात राज खोसला की ‘मिलाप’ और जी.पी. सिप्पी की ‘मैरीन ड्राइव’ जैसी फिल्में मिली। इसके अलावा आरम्भ से ही उन्हें सुविख्यात शायर और गीतकार साहिर लुधियानवी का साथ मिला। आगे चल कर साहिर और दत्ता की जोड़ी ने फिल्म संगीत के भण्डार को अनेक मधुर गीतों से समृद्ध किया।

सुधा मल्होत्रा
आरम्भिक दो फिल्मों के बाद एन. दत्ता ने 1956 में ‘चन्द्रकान्ता’, 1957 में ‘मोहिनी’, 1958 में ‘मिस्टर एक्स’ जैसी फिल्मों को विविधतापूर्ण संगीत से सँवारा। इस दौर में फिल्में बेशक बहुत सफल न रहीं, किन्तु दत्ता के संगीत का जादू खूब चला। वर्ष 1958 में दत्ता को बी.आर. चोपड़ा ने अपनी फिल्म ‘साधना’ के संगीत निर्देशन का प्रस्ताव दिया। यह फिल्म खूब चली और दत्ता का संगीत भी। इस फिल्म के कई गीतों में उन्होने रागों का स्पर्श भी किया था। फिल्म ‘साधना’ के स्तरीय संगीत से प्रभावित होकर बी.आर. चोपड़ा ने अपनी अगली फिल्म ‘धूल का फूल’ के संगीत का दायित्व भी दत्ता को सौंपा। इस फिल्म का निर्देशन यश चोपड़ा ने किया था। लोकप्रियता की दृष्टि से इस फिल्म के कई गीत सफल थे किन्तु राग के आधार की दृष्टि से इस फिल्म का ही नहीं, बल्कि अपने दौर का सर्वाधिक सफल गीत था- ‘कासे कहूँ मन की बात...’। इस गीत को दत्ता ने राग काफी के स्वरों का स्पष्ट आधार दिया था। गीत में सितार का अनूठा प्रयोग किया गया है। आरम्भ में राग काफी के स्वरों में छोटा सा आलाप और सरगम तथा अन्त में द्रुत तीनताल में मोहक गत के रूप में सितार का प्रयोग गीत का मुख्य आकर्षण है। यह गीत नृत्य पर फिल्माया गया है। नृत्यांगना हैं नाज़ और परदे पर सितार वादिका की भूमिका में अभिनेत्री पूर्णिमा हैं। दत्ता ने इस गीत में ठुमरी अंग का स्पर्श किया है। साहिर लुधियानवी की पारम्परिक ठुमरी जैसी शब्दावली, राग काफी के स्वरों की चाशनी में पगी इसकी धुन और गायिका सुधा मल्होत्रा की उदात्त आवाज़ इस गीत को कालजयी बना देता है। आइए, पहले हम सब इस गीत को सुनते हैं।


राग - काफी : फिल्म - धूल का फूल : ‘कासे कहूँ मन की बात...’ : संगीत – एन. दत्ता



मीता पण्डित
आइए, अब थोड़ी चर्चा राग काफी की संरचना पर करते हैं। राग काफी, काफी थाट का आश्रय राग है और इसकी जाति है सम्पूर्ण-सम्पूर्ण, अर्थात आरोह-अवरोह में सात-सात स्वर प्रयोग किए जाते हैं। आरोह में सा रे (कोमल) म प ध नि(कोमल) सां तथा अवरोह में सां नि(कोमल) ध प म (कोमल) रे सा स्वरों का प्रयोग किया जाता है। इस राग का वादी स्वर पंचम और संवादी स्वर षडज होता है। कभी-कभी वादी कोमल गान्धार और संवादी कोमल निषाद का प्रयोग भी मिलता है। दक्षिण भारतीय संगीत का राग खरहरप्रिय राग काफी के समतुल्य राग है। राग काफी, ध्रुवपद और खयाल की अपेक्षा उपशास्त्रीय संगीत में अधिक प्रयोग किया जाता है। ठुमरियों में प्रायः दोनों गान्धार और दोनों धैवत का प्रयोग भी मिलता है। टप्पा गायन में शुद्ध गान्धार और शुद्ध निषाद का प्रयोग वक्र गति से किया जाता है। इस राग का गायन-वादन रात्रि के दूसरे प्रहर में किए जाने की परम्परा है। आइए अब हम आपका साक्षात्कार राग काफी के एक अलग रंग से कराते हैं। विदुषी मीता पण्डित ग्वालियर परम्परा की जानी-मानी युवा गायिका हैं। उन्होने राग काफी के स्वरों में एक होरी प्रस्तुत की है। राधा-कृष्ण की होली तो अत्यन्त प्रसिद्ध हैं, किन्तु मीता जी ने अपनी इस प्रस्तुति में राम और सीता की होली के दृश्य उपस्थित किया है। आप राग काफी की इस होरी का आनन्द लीजिए और मुझे इस अंक को यहीं विराम देने की अनुमति दीजिए। 


राग काफी होरी : ‘राम सिया फाग मचावत...’ : विदुषी मीता पण्डित




आज की पहेली 

‘स्वरगोष्ठी’ के 126वें अंक की पहेली में आज हम आपको एक बन्दिश का अंश सुनवा रहे है। इसे सुन कर आपको दो प्रश्नों के उत्तर देने हैं। 130वें अंक तक जिस प्रतिभागी के सर्वाधिक अंक होंगे, उन्हें इस श्रृंखला (सेगमेंट) का विजेता घोषित किया जाएगा।





1 – संगीत रचना के इस अंश को सुन कर पहचानिए कि यह किस राग में निबद्ध है?

2 – इस संगीत रचना के ताल का नाम भी बताइए।

आप अपने उत्तर केवल swargoshthi@gmail.com पर ही शनिवार मध्यरात्रि तक भेजें। comments में दिये गए उत्तर मान्य नहीं होंगे। विजेता का नाम हम ‘स्वरगोष्ठी’ के 128वें अंक में प्रकाशित करेंगे। इस अंक में प्रस्तुत गीत-संगीत, राग, अथवा कलासाधक के बारे में यदि आप कोई जानकारी या अपने किसी अनुभव को हम सबके बीच बाँटना चाहते हैं तो हम आपका इस संगोष्ठी में स्वागत करते हैं। आप पृष्ठ के नीचे दिये गए comments के माध्यम से या swargoshthi@gmail.com अथवा radioplaybackindia@live.com पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकते हैं।


पिछली पहेली के विजेता

‘स्वरगोष्ठी’ के 124वें अंक की पहेली में हमने आपको उस्ताद सुल्तान खाँ की बजाई सारंगी पर आलाप का एक अंश सुनवा कर आपसे दो प्रश्न पूछे थे। पहले प्रश्न का सही उत्तर है- राग कल्याण अथवा यमन और दूसरे प्रश्न का सही उत्तर है- वाद्य सारंगी। दोनों प्रश्नो के सही उत्तर लखनऊ के प्रकाश गोविन्द, जौनपुर के डॉ. पी.के. त्रिपाठी और जबलपुर की क्षिति तिवारी ने दिया है। तीनों प्रतिभागियों को ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ की ओर से हार्दिक बधाई।


झरोखा अगले अंक का

मित्रों, ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ पर जारी लघु श्रृंखला ‘भूले-बिसरे संगीतकार की कालजयी कृति’ के आगामी अंक में हम एक और लोकप्रिय राग पर आधारित एक सदाबहार फिल्मी गीत, इसके विस्मृत संगीतकार और इसी राग में निबद्ध एक मोहक खयाल रचना पर चर्चा करेंगे। अगले अंक में इस श्रृंखला की अगली कड़ी के साथ रविवार को प्रातः 9 बजे हम ‘स्वरगोष्ठी’ के इसी मंच पर आप सभी संगीत-रसिकों की प्रतीक्षा करेंगे। 

प्रस्तुति : कृष्णमोहन मिश्र  
 

Comments

Popular posts from this blog

सुर संगम में आज -भारतीय संगीताकाश का एक जगमगाता नक्षत्र अस्त हुआ -पंडित भीमसेन जोशी को आवाज़ की श्रद्धांजली

सुर संगम - 05 भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चेरी बनाकर अपने कंठ में नचाते रहे। भा रतीय संगीत-नभ के जगमगाते नक्षत्र, नादब्रह्म के अनन्य उपासक पण्डित भीमसेन गुरुराज जोशी का पार्थिव शरीर पञ्चतत्त्व में विलीन हो गया. अब उन्हें प्रत्यक्ष तो सुना नहीं जा सकता, हाँ, उनके स्वर सदियों तक अन्तरिक्ष में गूँजते रहेंगे. जिन्होंने पण्डित जी को प्रत्यक्ष सुना, उन्हें नादब्रह्म के प्रभाव का दिव्य अनुभव हुआ. भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चे

कल्याण थाट के राग : SWARGOSHTHI – 214 : KALYAN THAAT

स्वरगोष्ठी – 214 में आज दस थाट, दस राग और दस गीत – 1 : कल्याण थाट राग यमन की बन्दिश- ‘ऐसो सुघर सुघरवा बालम...’  ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर आज से आरम्भ एक नई लघु श्रृंखला ‘दस थाट, दस राग और दस गीत’ के प्रथम अंक में मैं कृष्णमोहन मिश्र, आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता हूँ। आज से हम एक नई लघु श्रृंखला आरम्भ कर रहे हैं। भारतीय संगीत के अन्तर्गत आने वाले रागों का वर्गीकरण करने के लिए मेल अथवा थाट व्यवस्था है। भारतीय संगीत में 7 शुद्ध, 4 कोमल और 1 तीव्र, अर्थात कुल 12 स्वरों का प्रयोग होता है। एक राग की रचना के लिए उपरोक्त 12 स्वरों में से कम से कम 5 स्वरों का होना आवश्यक है। संगीत में थाट रागों के वर्गीकरण की पद्धति है। सप्तक के 12 स्वरों में से क्रमानुसार 7 मुख्य स्वरों के समुदाय को थाट कहते हैं। थाट को मेल भी कहा जाता है। दक्षिण भारतीय संगीत पद्धति में 72 मेल प्रचलित हैं, जबकि उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में 10 थाट का प्रयोग किया जाता है। इसका प्रचलन पण्डित विष्णु नारायण भातखण्डे जी ने प्रारम्भ किया

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु की